प्रमुख खबरें

पीएम मोदी ने हरदीप सिंह पुरी का सरकार की ऐतिहासिक पहलों पर प्रकाश डालने वाला लेख किया साझा

पीएम मोदी ने हरदीप सिंह पुरी का सरकार की ऐतिहासिक पहलों पर प्रकाश डालने वाला लेख किया साझा
  • PublishedAugust 19, 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को एक लेख साझा किया है, जिसमें राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन, मिशन सुदर्शन चक्र, विकसित भारत रोजगार योजना, गहरे समुद्र के अन्वेषण के राष्ट्रीय कार्यक्रम जैसी सरकार की ऐतिहासिक पहलों का उल्लेख किया गया है। जो भारत को सबसे तीव्र गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं और विकसित भारत की ओर राष्ट्र की यात्रा का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। यह लेख केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लिखा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, हरदीप सिंह पुरी की ओर से उपर्युक्त विषय पर लिखे गए लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा है, “केंद्रीय मंत्री श्री @HardeepSPuri ने सरकार की ऐतिहासिक पहलों पर प्रकाश डाला है, जैसे, राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन, मिशन सुदर्शन चक्र, विकसित भारत रोजगार योजना, गहरे समुद्र के अन्वेषण का राष्ट्रीय कार्यक्रम और अन्य जो भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं और विकसित भारत की ओर राष्ट्र की यात्रा का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।”

वहीं, पीएम मोदी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के लिए कई साहसिक घोषणाएं कीं हैं। पीएम मोदी की यह घोषणाएं एक ऐसे राष्ट्र का संकेत देती हैं, जो भविष्य में केवल कदम रखने के लिए नहीं, बल्कि छलांग लगाने के लिए तैयार है।

भारत की पहली सेमीकंडक्टर चिप बनाने से लेकर जेट इंजन बनाने तक, दस गुना परमाणु ऊर्जा विस्तार से लेकर युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के रोज़गार प्रोत्साहन तक, लालकिले की प्राचीर से उनका संदेश स्पष्ट था कि भारत अपना भाग्य स्वयं परिभाषित करेगा, अपनी शर्तें स्वयं निर्धारित करेगा और 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य रखेगा।