पीएम मोदी के स्वागत में झूमे ब्राज़ील के लोग, बोले- कार्यक्रम का हिस्सा बनकर अद्भुत अनुभव हुआ

घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो और अर्जेंटीना के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब ब्राज़ील के दौरे पर हैं। उनकी ब्राज़ील यात्रा को लेकर भारतीय समुदाय और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ऊर्जा और भारत तथा ब्राज़ीलवासियों के बीच का जुड़ाव अत्यंत मनमोहक लगा।
यह कार्यक्रम भारत के प्रति हमारी कृतज्ञता प्रकट करने का एक अद्वितीय अवसर है
पीएम मोदी की यात्रा को लेकर एक स्थानीय निवासी ने कहा, ‘यह हमारे लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण क्षण है। यह कार्यक्रम भारत के प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अद्भुत अवसर है। प्रधानमंत्री मोदी इस प्रस्तुति से बहुत प्रभावित हुए। हमने उनके समक्ष शिव तांडव स्तोत्र और अन्य वैदिक मंत्रों का पाठ किया, जिसमें कुछ स्थानीय लोग भी हमारे साथ सम्मिलित हुए। यह हमारे लिए एक अविस्मरणीय पल है।
केन लिन ने कहा-प्रधानमंत्री मोदी की ऊर्जा और करुणा को समीप से महसूस कर मैं अभिभूत हूं
केन लिन ने कहा, “यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास रहा। प्रधानमंत्री मोदी की ऊर्जा और करुणा को पास से महसूस किया जा सकता था। हालांकि मैंने उनसे बातचीत नहीं की, लेकिन उनकी आंखों में देखने का वह क्षण मेरे लिए बहुत ही खास और भावुक कर देने वाला था।”
जेनिफर शोलेस माहेश्वरी ने कहा-प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष दूसरी बार प्रस्तुति देना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात
वहीं, जेनिफर शोलेस माहेश्वरी ने कहा, “मैं पिछले लगभग 10 वर्षों से आचार्य डोनिस मैसी के मार्गदर्शन में वेदांत का अध्ययन कर रही हूं। प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष दूसरी बार प्रस्तुति देना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात थी। हमने वही मंत्रों का जाप किया जिन्हें हम प्रतिदिन अपने अभ्यास में शामिल करते हैं। वेदांत का अध्ययन मेरे जीवन को अनेक स्तरों पर सकारात्मक रूप से परिवर्तित कर चुका है। मैं आशा करती हूं कि भारत के युवा भी इस वैदिक परंपरा का महत्व समझें और इसके गहन प्रभाव को अपने जीवन में अनुभव करें। इस समय हमारे लिए प्रधानमंत्री मोदी सनातन धर्म के एक सशक्त संरक्षक जैसे हैं। यह परंपरा हमारे लिए अत्यंत मूल्यवान है,जिसे शब्दों में पिरोना कठिन है।”
पाउला ने कहा-प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष मंत्रों का जाप करना मेरे लिए एक अत्यंत भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण था
पाउला ने कहा, “भारतीय संस्कृति और परंपराओं ने मेरे जीवन में गहरा परिवर्तन लाया है। मैंने इसके अनेक लाभों को स्वयं अनुभव किया है। प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष मंत्रों का जाप करना मेरे लिए एक अत्यंत भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण था।”
डॉ. ज्योति किरण शुक्ला ने कहा- कार्यक्रम भारत और ब्राज़ील के बीच सांस्कृतिक सेतु का प्रतीक बन गया
स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक डॉ. ज्योति किरण शुक्ला ने इस अवसर पर कहा, “यह एक विशिष्ट और अद्वितीय कार्यक्रम था, जिस पर हम विस्तार से शोध कर रहे हैं। यह आयोजन भारत और ब्राज़ील के सांस्कृतिक सेतु का प्रतीक बन गया है।”
