सीएम मोहन यादव आज करेंगे मध्य प्रदेश के 9वें टाइगर रिजर्व का शुभारंभ

मध्य प्रदेश के माधव टाइगर रिजर्व का उद्घाटन आज (सोमवार) शाम को मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे। सीएम मोहन यादव इस अवसर पर एक बाघ और बाघिन एक जोड़ा टाइगर रिजर्व में छोड़ेंगे। इसके अलावा, सीएम यादव टाइगर रिजर्व की 13 किलोमीटर लंबी पत्थर की सेफ्टी वॉल का भी उद्घाटन करेंगे। यह मध्य प्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे वन्यजीव प्रेमियों के लिए अद्भुत खबर बताते हुए भारत की जानवरों की रक्षा करने की परंपरा पर गर्व जताया। पीएम मोदी और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उपलब्धि को लेकर उत्साह जताया, जिससे देश की समृद्ध जैव-विविधता और वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता एक बार फिर साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भारत वन्य जीव विविधता से समृद्ध है और यहां की संस्कृति वन्य जीवों का सम्मान करती है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, “वन्यजीव प्रेमियों के लिए आश्चर्यजनक खबर! भारत वन्य जीव विविधता और वन्य जीवों का जश्न मनाने वाली संस्कृति से धन्य है। हम हमेशा जानवरों की रक्षा करने में सबसे आगे रहेंगे।”
वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माधव राष्ट्रीय उद्यान को देश के 58वें और मध्यप्रदेश के 9वें टाइगर रिजर्व की सौगात देने पर आभार जताया। सीएम यादव ने कहा कि टाइगर रिजर्व बनने से वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी। माधव राष्ट्रीय उद्यान ऐतिहासिक और प्राकृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “मध्य प्रदेश को मिला नया टाइगर रिजर्व, वन्यजीव संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के 9वें ‘माधव टाइगर रिजर्व’ का शुभारंभ। टाइगर रिजर्व क्षेत्र में छोड़े जाएंगे एक बाघ और एक बाघिन।”
शिवपुरी स्थित माधव नेशनल पार्क अब प्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व बन गया है। माधव टाइगर रिजर्व का आरक्षित वन क्षेत्र 32,429.52 हेक्टेयर, संरक्षित वन क्षेत्र 2,422.00 हेक्टेयर और राजस्व क्षेत्र 2,671.824 हेक्टेयर है। इसका कुल क्षेत्र 37,523.344 हेक्टेयर अथवा 375.233 वर्ग किलोमीटर है।
टाइगर रिजर्व में कुल बाघों की संख्या 5 है और इसमें 2 नर और 3 मादा शामिल हैं। बता दें कि बाघिन ने 2 शावकों को जन्म दिया है, जिनकी उम्र लगभग 8 से 9 माह है। इसके साथ ही 2 बाघ और छोड़ने पर टाइगर रिजर्व में कुल बाघों की संख्या 7 हो जाएगी।
इसके अलावा पार्क में नीलगाय, चिंकारा और चौसिंगा और हिरण जैसे चीतल, सांभर और बार्किंग हिरण जैसे मृग रहते हैं। तेंदुए, भेड़िया, सियार, लोमड़ी, जंगली कुत्ता, जंगली सुअर, साही, अजगर आदि जानवर भी देखे जाते हैं।