प्रमुख खबरें

ब्राजील नौसेना कमांडर सैम्पाइओ ओलसेन ने भारतीय नौसेना प्रमुख से की मुलाकात,समुद्री सहयोग बढ़ाने पर जोर

ब्राजील नौसेना कमांडर सैम्पाइओ ओलसेन ने भारतीय नौसेना प्रमुख से की मुलाकात,समुद्री सहयोग बढ़ाने पर जोर
  • PublishedAugust 21, 2024

ब्राजील नौसेना के कमांडर एडमिरल मार्कोस सैम्पाइओ ओलसेन ने आज बुधवार (21 अगस्त) को नई दिल्ली में भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के नौसेना प्रमुखों ने परिचालन संबंधी गतिविधियों, तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। बता दें कि ब्राजील नौसेना कमांडर ओलसेन 19 से 24 अगस्त तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को बढ़ाने पर होगी चर्चा

इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को बढ़ाना है। एडमिरल ओलसेन 1979 में नौसेना में शामिल हुए और 1982 में उन्हें नौसेना का गार्ड घोषित किया गया। भारतीय नौसेना विभिन्न पहलों के माध्यम से ब्राजील की नौसेना के साथ सहयोग करती है जिसमें परिचालन बातचीत, प्रशिक्षण जैसे विषय शामिल हैं।

दोनों देशों की नौसेनाएं मिलन और आईबीएसएएमएआर जैसे बहुपक्षीय मंचों पर भी साथ आती रहीं हैं। अपने आधिकारिक कार्यक्रमों के हिस्से के रूप में ब्राजील की नौसेना प्रमुख का दिल्ली में रक्षा सचिव, राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक और सेना के उप-प्रमुख से भी मिलने का कार्यक्रम है। यात्रा के दौरान ओल्सन गुरुग्राम में आईएफसी-आईओआर का भी दौरा करेंगे। वे मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड और विभिन्न रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी करेंगे।