प्रमुख खबरें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को करेंगी संबोधित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को करेंगी संबोधित
  • PublishedJune 27, 2024

18वीं लोकसभा के लिए सभी निर्वाचित सांसदों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम हो चुका है। साथ ही बुधवार को लोकसभा के अध्यक्ष के लिए भी ओम बिरला को चुना गया। वहीं गुरुवार यानि आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। माना जा रहा है राष्ट्रपति के संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नवनिर्वाचित सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र होगा।

राज्यसभा का 264वां सत्र आज से शुरू
अठारहवीं लोकसभा के गठन के बाद संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति मुर्मू का यह पहला संबोधन होगा। अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू हो चुका है। राज्यसभा का 264वां सत्र आज से शुरू हो रहा है। संसद भवन के गजद्वार पर प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा और राज्यसभा के पीठासीन अधिकारी राष्ट्रपति मुर्मू की अगवानी करेंगे। यहां से उन्हें पारंपरिक राजदंड सिंगोल के साथ लोकसभा में ले जाया जाएगा।

संविधान के अनुच्छेद 87 के अनुसार, राष्ट्रपति का प्रत्येक लोकसभा चुनाव के बाद सत्र की शुरुआत में संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करना जरूरी है। राष्ट्रपति के हर साल संसद के पहले सत्र में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को भी संबोधित करने की संसदीय परंपरा है।