दुनिया

थाईलैंड जाने के लिए वीजा फ्री एंट्री, भारतीय नागरिकों के लिए थाई सरकार ने दी छूट

थाईलैंड जाने के लिए वीजा फ्री एंट्री, भारतीय नागरिकों के लिए थाई सरकार ने दी छूट
  • PublishedNovember 1, 2023

सभी देश अपने यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विदेशी नागरिकों के अनुकूल माहौल तैयार कर रहे हैं। साथ ही उनकी सुविधाओं का भी खास ध्यान दे रहे हैं। ऐसे में अब थाईलैंड ने भारतीयों नागरिकों के लिए खास ऑफर दिया है। थाईलैंड घूमने के जाने के लिए अब भारतीयों को वीजा की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सात महीने के लिए फ्री वीजा
दरअसल, थाईलैंड ने यात्रियों के लिए अपने वीजा नियमों में ढील दी है। भारत और ताइवान से आने वाले लोग 30 दिनों के लिए बिना वीजा के थाईलैंड में घूमने जा सकते हैं। थाई टूरिज्म के मुताबिक 10 नवंबर 2023 से 10 मई 2024 तक बिना वीजा के थाईलैंड जा सकते हैं। इस दौरान पर्यटक वहां 30 दिनों तक रह भी सकते हैं।

थाईलैंड में मिलती है भारतीय संस्कृति की झलक
थाईलैंड एक बौद्ध बहुल देश है। हालांकि थाईलैंड में हिंदू देवताओं की मूर्तियों और मंदिरों भी बहुत आम है। दोनों देशों के बीच साझी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का लंबा इतिहास है, यही वजह है कि थाई बौद्ध हिंदू आराध्यों का आदर करते हैं। थाइलैंड में एक अयोध्या नगरी भी है। इसे अयुत्थया के नाम से जाना जाता है। यहां भगवान राम का मंदिर भी बनवाया गया है। रामायण यहां का राष्ट्रीय ग्रन्थ है l जिसे थाई भाषा में ‘रामाकीन’ कहते हैं l थाई भाषा में रामाकीन का अर्थ है राम की गौरव गाथा।

भारतीयों को भाता है थाईलैंड
यही वजह है भारतीय पर्यटकों को थाईलैंड भी खूब भाता है। बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक थाईलैंड जाते हैं। इस साल अब तक मलेशिया, चीन और दक्षिण कोरिया के बाद सबसे ज्यादा पर्यटक भारत से गए हैं। भारत से इस साल अब तक 12 लाख पर्यटक थाईलैंड गए हैं। वहीं इससे पहले श्रीलंका ने भी भारतीयों के लिए वीजा फ्री कर दिया था। भारतीयों के लिए यहां वीजा फ्री एंट्री रखी गई है।

गौरतलब हो कि किसी भी देश में टूरिज्म अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा के लिए मजबूत योगदान देता है। ऐसे में कोरोना के बाद और तमाम वैश्विक संकट के बाद अभी भी कई देश पूरी तरह से रिकवरी नहीं कर पाए हैं। ऐसे में पर्यटन को बूस्ट करके अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में जुटे हैं।