राष्ट्रपति भवन में तंजानिया की राष्ट्रपति का औपचारिक स्वागत, पीएम मोदी के साथ करेंगी वार्ता

राष्ट्रपति भवन में आज (सोमवार) सुबह तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन का औपचारिक स्वागत किया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी के साथ विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता
वहीं, तंजानिया की राष्ट्रपति आज पीएम मोदी के साथ विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा वे 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में व्यापार और निवेश कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।
द्विपक्षीय संबंध होंगे मजबूत
तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को भारत की चार दिवसीय यात्रा शुरू की। तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन रविवार को नई दिल्ली पहुंचीं थी।
तंजानिया के किसी राष्ट्रपति की 8 साल बाद यह पहली भारत यात्रा
बताना चाहेंगे कि तंजानिया के किसी राष्ट्रपति की आठ साल बाद यह पहली भारत यात्रा है। आगामी यात्रा भारत और तंजानिया के बीच ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगी।
विभिन्न मंत्री और एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया
वहीं इस संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सोशल नेटवर्किंग साइट ‘एक्स’ पर बताया कि यह उनकी राष्ट्रपति बनने के बाद पहली भारत यात्रा है। उनका एयरपोर्ट पर स्वागत शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया था। उनके साथ विभिन्न मंत्री और एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
व्यापार और निवेश मंच में भाग लेंगी तंजानिया की राष्ट्रपति
राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन 10 अक्टूबर को नई दिल्ली में एक व्यापार और निवेश मंच में भी भाग लेंगी। ज्ञात हो तंजानिया की राष्ट्रपति की यात्रा से ठीक पहले भारतीय सेना के प्रमुख जनरल मनोज पांडे 2 से 5 अक्टूबर 2023 तक तंजानिया की आधिकारिक यात्रा पर गए थे। इससे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूती मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
भारतीय सेना प्रमुख की इस यात्रा ने भारत और तंजानिया के बीच साझा किए गए उच्च स्तरीय द्विपक्षीय रक्षा संबंधों और घनिष्ठ रक्षा संबंधों को और मजबूती प्रदान की। यह यात्रा न केवल मौजूदा सहयोग का उत्सव मनाने का संकेत साबित हुई, बल्कि एक मजबूत भविष्य की साझेदारी का मार्ग भी प्रशस्त करती नजर आई।