खेल

एशियाई खेल : भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने जीता कांस्य, कुल पदकों की संख्या 87 पहुंची

एशियाई खेल : भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने जीता कांस्य, कुल पदकों की संख्या 87 पहुंची
  • PublishedOctober 6, 2023

एशियाई खेलों में भारत के पास कुल 87 पदक हो गए हैं, जिनमें 21 स्वर्ण, 32 रजत और 34 कांस्य पदक शामिल हैं।

हांगझू में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अंकिता भक्त, भजन कौर और सिमरनजीत कौर की भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को वियतनाम को हराकर कांस्य पदक हासिल किया।

इससे पहले, भारतीय टीम को सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से 6-2 से हार मिली थी, जिसने इस वर्ग में पिछले छह खिताब जीते थे। इसके बाद, भारत को वियतनाम के साथ कांस्य पदक मैच खेलना था। कांस्य पदक मुकाबले में भारत ने वियतनाम को 6-2 से हराया।

अब भारत के पास हांगझू में तीरंदाजी में कुल चार पदक हो गए हैं, जिनमें से तीन स्वर्ण हैं। अब, भारत के पास कुल 87 पदक हो गए हैं, जिनमें 21 स्वर्ण, 32 रजत और 34 कांस्य पदक शामिल हैं।

शुक्रवार को ही भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम एशियन गेम्स के सेमीफानल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर फाइनल में पहुंच गई है। महिला क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारत अब पुरुष क्रिकेट भी गोल्ड मेडल जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।