खेल

एशियाई खेल : भारतीय महिला हॉकी टीम ने किया कमाल, 13-0 से एकतरफा जीत की हासिल

एशियाई खेल : भारतीय महिला हॉकी टीम ने किया कमाल, 13-0 से एकतरफा जीत की हासिल
  • PublishedSeptember 28, 2023

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों के अपने पहले ही मुकाबले में कमाल कर दिखाया। दरअसल, भारत ने 13-0 से सिंगापुर के खिलाफ एकतरफा जीत हासिल की है। भारतीय टीम ने बुधवार को खेले गए अपने पूल ए मैच में इस जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारत के लिए संगीता कुमारी ने तीन, नवनीत कौर ने दो, दीपिका, सुशीला चानू, उदिता, नेहा, दीप ग्रेस इक्का, सलीमा टेटे, वंदना कटारिया और मोनिका ने 1-1 गोल किया।

भारत ने मैच के शुरू से ही बनाए रखा अपना दबदबा

मैच में भारत ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा और सिंगापुर के खिलाफ लगातार हमले किए, जिसके कारण उन्होंने दो शुरुआती पेनल्टी कॉर्नर भी जीते और उदिता (6′) ने दूसरे पेनल्टी को गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

उदिता के पहले गोल के बाद आते रहे नियमित गोल

पहला गोल करने के कुछ क्षण बाद, भारतीय टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और उन्होंने सुशीला चानू पुखरामबम (8′) के माध्यम से इसका फायदा उठाया और गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत के लिए नियमित गोल आते रहे।

पहले क्वार्टर के अंत तक भारत को 5-0 की मजबूत बढ़त मिली

दीपिका (11′) ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम की बढ़त 3-0 कर दी, जिसके बाद नवनीत कौर (14′, 14′) ने दो गोल किए – एक पेनल्टी कॉर्नर के माध्यम से और दूसरा मैदानी गोल। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत को 5-0 की मजबूत बढ़त मिल गई।

भारत ने मध्यांतर तक 8-0 की बढ़त कर ली थी हासिल

दूसरा क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने गेंद पर कब्जा और लगातार हमलों के जरिए खेल पर नियंत्रण बनाए रखा, जिसका एक बार फिर फायदा मिला जब दीप ग्रेस एक्का (17′) और नेहा (19′) ने आसानी से पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। जबकि संगीता कुमारी (23′) ने शानदार फील्ड गोल किया और भारत ने मध्यांतर तक 8-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।

तीसरे क्वार्टर में भी भारत 9-0 से रहा आगे

मध्यांतर के बाद भी भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा। सलीमा टेटे (35′) ने फील्ड गोल करके तीसरे क्वार्टर में भारत को 9-0 की बढ़त दिला दी।

भारत ने अंतिम क्वार्टर में स्कोर पहुंचाया 13-0 तक

भारतीय टीम ने अंतिम क्वार्टर में भी आक्रामक रवैया अपनाया, जिसमें संगीता कुमारी (47′, 53′) ने दो और मोनिका (52′) और वंदना कटारिया (56′) ने एक-एक गोल करके भारत को 13-0 की आसान जीत दिला दी। भारत का अगला मुकाबला शुक्रवार को मलेशिया से होगा।