प्रमुख खबरें

गुरुग्राम में शुरू हुआ स्टार्टअप-20 शिखर सम्मेलन, वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को देगा आकार

गुरुग्राम में शुरू हुआ स्टार्टअप-20 शिखर सम्मेलन, वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को देगा आकार
  • PublishedJuly 3, 2023

स्टार्टअप-20 शिखर सम्मेलन आर्थिक समृद्धि को आगे बढ़ाने में स्टार्टअप की अपार क्षमताओं का प्रतीक है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले वातावरण को बढ़ावा देकर शिखर सम्मेलन का उद्देश्य स्टार्टअप की पूरी क्षमता को उजागर करना आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और सतत विकास को बढ़ावा देना है।

भारत की G20 अध्यक्षता के तहत स्टार्टअप-20 एंगेजमेंट ग्रुप द्वारा आज (सोमवार) से हरियाणा के गुरुग्राम में स्टार्टअप-20 शिखर सम्मेलन कार्यक्रम की शुरुआत की गई। बता दें इस सम्मेलन में स्टार्टअप क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को उद्योग जगत के विशेषज्ञों, नीति निर्माता और विचारकों के साथ बातचीत करने का अवसर मिलेगा।

स्टार्टअप की अपार क्षमताओं का प्रतीक ‘स्टार्टअप-20’

स्टार्टअप-20 शिखर सम्मेलन आर्थिक समृद्धि को आगे बढ़ाने में स्टार्टअप की अपार क्षमताओं का प्रतीक है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले वातावरण को बढ़ावा देकर शिखर सम्मेलन का उद्देश्य स्टार्टअप की पूरी क्षमता को उजागर करना आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और सतत विकास को बढ़ावा देना है।

क्या है इसका लक्ष्य ?

भारत की G20 अध्यक्षता के तहत स्टार्टअप-20 एंगेजमेंट ग्रुप का लक्ष्य वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को आकार देना है। यह समूह आर्थिक समृद्धि के लिए नवाचार परस्पर सहयोग और समावेशी विकास को बढ़ावा देने का प्रयास है। ज्ञात हो, मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में आयोजित इस दो दिवसीय स्टार्टअप-20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत केंद्रीय कॉमर्स एवं इंडस्ट्री राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने विधिवत रूप से की।

स्टार्टअप्स की दुनिया में भारत का बज रहा डंका

इस अवसर पर स्टार्टअप-20 चेयर डॉ. चिंतन वैष्णव व भारत की ओर से G20 शेरपा अमिताभ कांत भी मौजूद रहे। इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए G20 शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि दुनिया की तमाम चुनौतियों से निपटने के लिए नवाचार और तकनीक बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत में स्टार्टअप्स की संस्कृति विकसित हुई है और आज देश में 1 लाख से अधिक स्टार्टअप्स हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश में स्टार्टअप्स की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है। यही कारण है कि आज स्टार्टअप्स की दुनिया में भारत का डंका बज रहा है।

करीब 800 प्रतिनिधि में ले रहे भाग

उल्लेखनीय है कि ग्रैंड हयात होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में 250 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों समेत करीब 800 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। विदेशी प्रतिनिधि G20 सदस्य देशों अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको सहित रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका के अलावा इस G20 स्टार्टअप एंगेजमेंट ग्रुप कार्यक्रम में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त नौ देशों बांग्लादेश, मिस्र, मॉरीशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि भी पहुंचे हैं।

वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र में 1 ट्रिलियन डॉलर निवेश पर होगी चर्चा

स्टार्टअप-20 शिखर सम्मेलन के पहले दिन शुभारंभ सत्र में भारत की ओर से स्टार्टअप-20 चेयर डॉ. चिंतन वैष्णव ने स्वागत भाषण दिया। इसके पश्चात् भारत की ओर से G20 के शेरपा अमिताभ कांत का भी संबोधन हुआ। शुभारंभ के उपरांत पहले सत्र में स्टार्टअप-20 को लेकर पैनल चर्चा शुरू हो चुकी है। इसके उपरांत विभिन्न सत्रों के क्रम में एक अंतर संचालनीय वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण, वर्ष 2030 तक वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र में एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश पर भी इस सत्र में चर्चा होनी है।